Sunday, November 11, 2007

बढ़ रही है धर्म की भूमिका


पाकिस्तान में आपात्काल सिर्फ इसलिए नहीं लगा कि परवेज मुशर्रफ अपनी कुर्सी बचाना चाहते हैं। बल्कि इस लिए भी लगाना पड़ा क्योंकि कट्टरपंथी और जेहादी किसी तरह काबू में नहीं आ रहे थे। केरल में स्वयं सेवक संघ, चर्च और इस्लामी राजनीति वामपंथियों पर हावी रही है। रूस में साम्यवाद के ढीला पड़ने के बाद धार्मिक संगठनों और केन्द्रों की बाढ़ आ गयी है। राम मंदिर के सवाल पर जनता की अपेक्षाओं का जनाजा निकालने वाली भाजपा राम सेतु के मुद्दे पर देश भर में रातों रात माहौल खड़ा कर देती है। पश्चिम एशिया के धर्म युद्ध चाहे वे मुसलमानों और यहूदियों के बीच हो या शिया और सुन्नियों के बीच अब केवल पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं रह गये। इस्लामी आंतकवाद ने पूरी दुनिया को अपनी चपेट में ले लिया है। अमरीका जैसी महाशक्ति की जड़ों को ओसामा बिन लादेन हिला चुका है। पंजाब में सिक्ख आतंकवाद ने एक लंबा खूनी दौर देखा है। आसाम की घाटी और शेष भारत के 300 से भी अधिक शहर सांप्रदायिकता की दृष्टि से काफी संवेदनशील हैं। तार्किक सोच, निरीश्वरवाद व साम्यवादी विचारधारा की वकालत करने वाले दुनिया में उठ रही धर्म की आंधी के आगे टिक नहीं पा रहे हैं।

लगता तो यही है कि इस सदी मे धर्म दुनिया की राजनीति का केन्द्र बिन्दु बन कर रहेगा। चाहे अनचाहे देशों की सरकारों और राजनैतिक दलों को अपनी राजनीति में धर्म की उपेक्षा करना संभव न होगा। समाजिक वैज्ञानिक इसी उधेड़बुन में लगे है कि सूचना क्रान्ति और वैश्वीकरण के इस दौर में धर्म निर्रथक होने की बजाय इतना महत्वपूर्ण क्यों होता जा रहा है। उन्हे इसका जबाब नहीं मिल रहा। दरअसल राज्य, सत्ता व राजनैतिक दलों के माध्यम से   लोगों के समाजिक कल्याण का जो स्वप्न जाल पिछली सदी में बुना गया था वह पिछले कुछ दशकों में चूर चूर हो गया। व्यक्ति, परिवार और समाज अपने अस्तित्व के लिए अब इन से हट कर विकल्पों की ओर देख रहा है। ऐसे में धर्म उसे एक सशक्त विकल्प के रूप में नजर आता है। भगवान श्री कृष्ण गीता में कहते है कि चार किस्म के लोग मेरी शरण में आते हैंःआर्त यानी दुखियारे, अर्थातु यानी कामना रखने वाले, जिज्ञासु यानी ब्रहम को जानने की इच्छा रखने वाले और ज्ञानी जो इस संसार की नश्वरता को समझ गये हैं। आज के दौर में जो लोग विभिन्न धर्मों की शरण में दौड रहें है वे पहली श्रेणी के लोग हंै। दुखी हैं, हताश हैं, दिशाहीन हैं इसलिए वे धर्म गुरूओं की शरण में जा रहे है। जिन्ंहे ये निहित स्वार्थ चाहे वे विभिन्न धर्मों के आत्मघोषित धर्म गुरू हों या राजनेता सभी अपने चंगुल में फंसा लेते हैं और उनका जमकर दोहन करते हैं।

धर्म का वास्तविक स्वरूप है रूहानियत या अध्यात्म। खुद को जानना। जीवन का लक्ष्य समझना। शरीर की जरूरतों के अलावा अपनी आत्मा की जरूरतों को पूरा करना। ऐसा धर्म मानने वाले तलवारें नहीं खींचा करते। बम नहीं फोड़ते। निरीह लोगों की हत्या नहीं करते। दूसरे के संसाधनों पर बदनियती से कब्जा नहीं करते। बल्कि सर्वे भवन्तु सुखिनः की भावना से त्याग, तप और संयम का जीवन जीते हैं। दुर्भाग्य से धर्म के सही मायने समाज को बताने वाले समाज में नहीं जगंलों और कंदराओं में रहते है। वे गौतम बुद्ध, महावीर स्वामी, ईसा मसीह, गुरू नानक देव और कबीर दास की तरह विरक्तों का जीवन जीते हैं, महलों का नहीं। पैंसे खर्च करके अपने को महान संत बताने वाला, प्रचार करवाने वाले  अपने शिष्यों को वैसा ही माल देंगे जैसा शीतल पेय बनाने वाली कंपनियां देती है। विज्ञापन जबरदस्त पर वस्तु पोषक तत्वों से हीन। जिसका सेवन कुपोषण और रोग देता है।

इन हालातों में लोगों के लिए यह बहुत बडी चुनौती है कि वे धर्म को बेचने वालों से कैसे बचें और कैसे रूहानियत को अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बनायें। तब धर्म से समाज को लाभ ही लाभ होगा। खतरा नहीं जैसा आज पैदा हो गया है।अगर मौजूदा ढर्रे पर धर्म और उसका उन्माद फैलता गया तो पूरे विश्व के लिए यह आत्मघाती स्थिति होगी। तब हम धर्म के नाम पर लड़कर करोंड़ों लोगों का खून बहायेगें और अंत में मध्य युग से भी बदतर हालात में पहुंच जायेगे। क्या हममें इतना धैर्य और इतनी तीव्र इच्छा है कि हम धर्म के मर्म को जाने और उसके लबादे के उतार फेंके ?

No comments:

Post a Comment