Friday, April 30, 2004

चुनाव बाद होगा अमर सिंह का जलवा


अब तक के मतदान के रुख से यह संकेत मिल रहे हैं कि एनडीए अपने बूते पर सरकार नहीं बना पाएगी। सभी राजनैतिक विश्लेषक मानते हैं कि ऐसी हालत में उसे मायावती या मुलायम सिंह यादव की मदद लेनी होगी। बसपा नेता का भरोसा अब किसी को नहीं रहा। कोई नहीं जानता कि वो कब पलटी मार जाएं। उनके साथ कोई भी गठबंधन टिकाऊ नहीं रह सकता। बावजूद इसके अगर बड़े दलों के नेता मायावती को पूछते हैं तो इसका कारण उनकी मायावती के प्रति श्रद्धा नहीं बल्कि उनके वोट बैंक पर नजर है। मायावती यह बात अच्छी तरह समझती हैं। इसलिए किसी को हाथ नहीं धरने देतीं। उत्तर प्रदेश में भाजपा दो बार उनके साथ सरकार बनाकर धोखा खा चुकी है। ऐसे में केंद्रीय सरकार चलाने के लिए मायावती का सहयोग लेना आत्मघाती होगा। न जाने कब वह रूठ जाएं और सरकार को टंगड़ी मारकर गिरा दें। ऐसी स्थिति में राजग के पास केवल एक ही विकल्प होगा और वो ये कि वह मुलायम सिंह की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाए। मुलायम सिंह विश्वसनीय साथी हैं। जमीन से जुड़े नेता हैं और पिछले अनुभवों ने उन्हें काफी परिपक्व राजनेता बना दिया है। सर्वविदित है कि उत्तर प्रदेश में उनकी वर्तमान सरकार भाजपा से जुगलबंदी के कारण ही चल रही है। भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर ही चुनाव पूर्व तालमेल नहीं किया। वे जानते हैं कि गठबंधन सरकारों के दौर में उनकी कितनी अहमियत है। हाल के दिनों में आए मुलायम सिंह व भाजपा नेताओं के बयानों का अगर बारीकी से विश्लेषण करें तो यह साफ हो जाता है कि दोनों और निकट आने का मन बना चुके हैं। 

अगर ऐसा होता है कि एनडीए की अगली सरकार मुलायम सिंह यादव के समर्थन के बिना नहीं बन पाएगी तो इसका सबसे ज्यादा फायदा मुलायम सिंह के बाद अगर किसी को होगा तो वह हैं अमर सिंह। उन्हें मुलायम सिंह यादव का भाई कहा जाए, सलाहकार कहा जाए या मित्र कहा जाए, वे और मुलायम सिंह अब अलग नहीं किए जा सकते। वे दोनों एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। इसमें शक नहीं है कि सपा को जमाने में अमर सिंह ने भी जी-तोड़ मेहनत की है। अगर राजग गठबंधन को इस चुनाव के बाद नए दलों को अपने से जोड़ने की जरूरत पड़ी, जिसकी पूरी संभावना है तो वह सबसे पहले मुलायम सिंह यादव और अमर सिंह की तरफ दौड़ेंगे। अमर सिंह की यह खासियत है कि वह दुश्मन कम और दोस्त ज्यादा बनाते हैं। इस समय भाजपा में उनके बहुत दोस्त हैं और सबसे महत्वपूर्ण बात ये है कि उन्हें प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का पूर्ण विश्वास प्राप्त है। वे काफी लंबे अरसे से वाजपेयी जी के निकट मित्रों में रहे हैं। इसलिए राजग के लिए भी अमर सिंह की मार्फत सपा से तालमेल जोड़ने में सुविधा रहेगी। यूं तो ये सारा मंथन एक बड़े अगरपर टिका हुआ है पर लगता यही है कि चुनाव के बाद की स्थिति ऐसी ही आने वाली है। अगर ऐसा होता है तो मुलायम सिंह यादव अपनी शर्तों पर ही राजग में शामिल होंगे। वे प्रधानमंत्री पद की मांग रखेंगे और अंततः उपप्रधानमंत्री पद से संतुष्ट हो जाएंगे, ऐसी चर्चा है। जहां तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद का सवाल है। सपा के लोगों के मानना है कि वह उनके लिए समस्या नहीं होगा क्योंकि उसका फैसला पहले ही कर लिया गया है। लोग कयास लगा रहे हैं कि ऐसी दशा में मुलायम सिंह यादव लखनऊ की गद्दी पर अमर सिंह को बिठाएंगे या अखिलेश यादव को। दूसरी तरफ केंद्र में महत्वपूर्ण पदों के लिए भी वे दावा करेंगे, जिनमें रक्षा

Friday, April 16, 2004

धन से बड़ी जनसेवा


एक तरफ तो सरकारी सेवाओं का दिवाला निकल चुका है, खासकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में। देश के देहातों में यूं तो प्राथमिक चिकित्सालयों का एक लंबा चैड़ा जाल बिछा हुआ है, पर न तो उनमें डाॅक्टर होता है और न ही दवाई। ऐसे ज्यादातर अस्पतालों के भवन खस्ताहाल में वीरान पड़े हैं। इसलिए झोलाछाप डाॅक्टर लंबी चैड़ी फर्जी डिगरियों का बोर्ड लगाकर गांव वालों को ठगते रहते हैं। दूसरी तरफ उदारीकरण के दौर में निजी चिकित्सा सेवा का तेजी से विस्तार हो रहा है। कस्बों में खुलने वाले छोटे नर्सिंग होम से लेकर शहरों में बन रहे पांच सितारा अस्पताल तक बहुत तेजी से देश में फैलते जा रहे हैं। जो संपन्न हैं उनके लिए यह अस्पताल वरदान सिद्ध हो रहे हैं। इलाज का इलाज और पूरे ठाठ बाट। मरीज के कमरे में एसी, टीवी, फ्रिज से लेकर हर सुविधा उपलब्ध है। इन दो विरोधी छोरों के बीच के लोग कहां जाएं। जो इतने गरीब भी नहीं कि चार पैसे इलाज पर खर्च न कर सकें और इतने संपन्न भी नहीं कि महंगा इलाज करवा सकें। ऐसी परिस्थितियों में मिशनरी अस्पतालों की भूमिका महत्वपूर्ण हो जाती है। फिर वो चाहे ईसाई मिशनरियों द्वारा चलाए जाते हों या अन्य धर्मों और संप्रदायों  द्वारा, क्योंकि इन अस्पतालों में मरीज को कम कीमत पर अच्छी चिकित्सा सेवा उपलब्ध हो जाती है। पर ऐसे अस्पतालों की संख्या बहुत ज्यादा नहीं है। राजधानी दिल्ली में तो ऐसे कई बड़े अस्पताल हैं, जिन्होंने सरकार से सस्ती जमीन यह कहकर एलाॅट करवाई है कि वे अपनी व्यवस्था का लगभग आधा हिस्सा गरीबों की सेवा में लगाएंगे, पर हकीकत में यह अस्पताल ऐसा नहीं कर रहे हैं और पूरी तरह से व्यावसायिक दृष्टिकोण से चलाए जा रहे हैं। 

इस दिशा में 82 वर्षीय श्री अरविंद भाई मफतलाल जी का काम प्रशंसनीय भी है और अनुकरणीय भी। अरविंद जी का नाम भारत में अंजाना नही है। देश के तीन सबसे धनी उद्योगपतियों में टाटा, बिड़ला और मफतलाल माने जाते थे। मफतलाल परिवार की धर्म पारायणता, सादगी और दरिद्र नारायण की सेवा का भाव औद्योगिक जगत में चर्चा का विषय रहा है। 1968 में बिहार में अकाल के दौरान अरविंद भाई राहत की सामग्री लेकर बिहार पहंुचे। वहां उन्होंने रणछोड़ दास जी महाराज के दर्शन किए। भारत भर में जहां कहीं भी अकाल पड़ता था, रणछोड़ दास महाराज जी वहां जाकर महीनों तक निर्धनों के लिए भंडारे चलाते थे। उन्होंने अरविंद भाई को चित्रकूट जाकर दरिद्र नारायण की सेवा करने को कहा। इसके बाद अरविंद भाई ने अपनी काफी संपत्ति चित्रकूट, गुजरात और पूना के आसपास दरिद्र लोगों की सेवा में झोंक दी। उन्होंने लोगों के लिए सर्वोत्तम गुणवत्ता का आधुनिक अस्पताल चित्रकूट में बनवाया और साथ ही देहात की महिलाओं के लिए डेयरी और कुटीर उद्योगों का जाल फैलाया। अपना कारोबार छोड़कर हफ्तों चित्रकूट में रहकर अपने हाथों से  जनसेवा की। आज चित्रकूट का आम नागरिक हो या वहां बसने वाले साधु संत, सभी एक स्वर से अरविंद भाई की सेवाओं का गुणगान करने में कंजूसी नहीं करते। इतने वृद्ध होने पर भी अरविंद भाई अस्पताल की सीढि़यां और जंगलों में आदिवासियों के घरों में दौड़-दौड़कर चढ़ जाते हैं और हर सेवा कार्य को अपने निरीक्षण में करवाते हैं। उनके साथ काम करने वाले सैकड़ों डाॅक्टर व अन्य कर्मचारी भी इसी तरह समर्पित भाव से दरिद्र नारायण की सेवा को पूजा मानकर वहां कार्य कर रहे हैं। इस टीम ने पिछले कुछ सालों में साढ़े पांच लाख लोगों के आंख के आॅपरेशन किए। किसी मरीज से एक पैसा फीस लेना तो दूर, उलटा उसका रहना, खाना और इलाज सब मुफ्त किया जाता है।

आज के युग में जब औद्योगिक घराने वनवासी लोगों के पर्यावरण की चिंता किए बगैर उनकी प्राकृतिक संपदा को लूटने में लगे हैं। उनकी नदियों को प्रदूषित करने में लगे हैं। उनके जीने के अधिकार छीन रहे हैं। ऐसे में एक बड़े उद्योगपति का वनवासी लोगों के प्रति इतना प्यार और समर्पण अनुकरणीय है। देश में फील गुड की हवा बह रही है। मध्यम वर्गीय परिवारों को फील गुड का नशा चढ़ा हुआ है, जबकि देश का बहुसंख्यक युवा बेरोजगार खड़ा है। ऐसे में देश के उद्योगपतियों का यह कर्तव्य बन जाता है कि वे अरविंद भाई मफतलाल से प्रेरणा लेकर देश के विभिन्न पिछड़े इलाकों में इसी तरह की स्वास्थ्य व अन्य सेवाओं का विस्तार करें।
धन की दो ही गति हैं, या तो भोग या दान। दान किया धन बेकार नहीं जाता। अरविंद भाई ने पेट्रोलियम उत्पादों के अपने बड़े व्यवसाय के साझीदार के रूप में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी के साथ दशकों पहले व्यापार अनुबंध किया था। वह कंपनी उन्हें 300 करोड़ रुपये का चूना लगाकर भाग गई, ऐसा वे स्वयं बताते हैं। जाहिर है इस अप्रत्याशित हमले ने मफतलाल परिवार के कारोबार को काफी झकझोर दिया। आर्थिक चुनौतियों के ऐसे दौर में प्रायः धनी और सक्षम लोग सेवा कार्य को छोड़कर अपनी निजी समस्या सुलझाने में लगे रहते हैं। पर मफतलाल परिवार ने ऐसा नहीं किया। दरिद्र नारायण की सेवा यथावत जारी रखी। वह भी पूर्ण निष्काम भाव से।

नतीजा ये हुआ कि आज उनकी सेवा के फलस्वरूप उनका कारोबार फिर तेजी से ऊपर उठ गया है। वे मानते हैं कि दरिद्र नारायण की सेवा के लिए साधन की कमी नहीं रहती। केवल भावना की जरूरत होती है। भावना है तो साधन स्वयं जुट जाते हैं। हां, ऐसे साधक को अकिंचन बनने का प्रयास करना चाहिए। जब सभी प्रांतों की अर्थव्यवस्था लड़खड़ाई हो, डाॅक्टर गांव में रहने को तैयार न हों तो ऐसे में इस देश की बहुसंख्यक आबादी का इलाज कौन करेगा? क्या उन्हें उनके हाल पर मरने को छोड़ दें या कोई विकल्प तलाशें? विकल्प यही है कि शुद्ध पेयजल और उनके इलाज के लिए निजी घराने सामने आएं और अरविंद भाई की तरह देश के विभिन्न इलाकों में अपने कीर्तिमान स्थापित करें।

बड़े शहरों में सेवा के नाटक तो बहुत किए जाते हैं, पर उनमें अखबार वालों के सामने फोटो खिंचवाने के शौकीन ज्यादा होते हैं, सेवा के कम। असली सेवा तो वनों और देहातों में होती है, जिन्हें भगवान ने असीमित दौलत दी है, वे इसका थोड़ा सा हिस्सा खर्च करके देहात के लोगों का स्वास्थ्य सुधार सकते हैं। अच्छे स्वास्थ्य के भारतीय नागरिक ज्यादा ऊर्जा से उत्पादन करेंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति भी सुधरेगी और अर्थव्यवस्था का विस्तार होगा। हर धर्म में दरिद्र नारायण की सेवा को सबसे महत्वपूर्ण कार्य बताया गया है। फील गुड खाली टीवी पर बयान देने से नहीं आएगा, उसके लिए संवेदनशीलता की जरूरत है। चाहे नेता हो, उद्योगपति हो या अखबार मालिक, सबको संवेदनशील होकर आम जनता की भावनाओं को समझना चाहिए और वादों और नारों से ज्यादा ठोस काम करके दिखाने चाहिए। ऐसा काम करने वाले न तो पद्मभूषण और भारत रत्न के पीछे भागते हैं और न ही किसी सरकारी फायदे के पीछे। वे तो चुपचाप अपने काम में लगे रहते हैं। मफतलाल जी को भी पद्मभूषण का प्रस्ताव दिया गया था, पर उन्होंने विनम्रता से अस्वीकार कर दिया। जो भगवत भक्ति को आधार बनाकर समाज या राष्ट्र की सेवा करता है और किसी यश या पद की कामना नहीं करता, उसे इस लोक में भी पुण्य और सुख मिलता है और परलोक भी सुधर जाता है, ऐसा संत बताते हैं। शर्त है सेवा निष्काम होनी चाहिए। जिसकी जितनी सामथ्र्य हो, आगे बढ़कर अपनी सेवा ले ले, तो सारा देश चित्रकूट बन जाएगा। प्रायः सामाजिक चिंतन करने वालों के मन में उद्योगपतियों के प्रति आलोचनात्मक दृष्टि रहती है। जबकि अरविंद भाई पूरे समाज से सम्मानित होकर पिछले 38 साल से जनसेवा कर रहे हैं। इसलिए उनका उल्लेख करना और उनसे प्रेरणा लेना सभी सद् विचारवालों के लिए एक सुखद अनुभूति होगी।

Friday, April 9, 2004

लोकतंत्र या राजतंत्र


राजनेताओं के साहेबजादे और साहेबजादियां बड़ी तादाद में चुनावी जंग में कूद पड़ें हैं। इनके नामांकन पत्र युवराजों के शाही सवारियों की तरह भरे जा रहे हैं। कोई दल इसमें पीछे नहीं हैं। लोकतंत्र के नाम पर हर राजनेता अपनी संतान को ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। कार्यकर्ता तो सिर्फ नारे लगाने और भीड़ जुटाने के लिए होते हैं और विचारधारा केवल बयानबाजी करने के लिए।

दरअसल राजनीति इस देश में आज सबसे बड़ा उद्योग बन गई है। समय, धन, संसाधन और अक्ल का जितना विनियोग इस उद्योग में किया जाता है। उससे कई हजार गुना मुनाफा थोड़े ही समय में होता है। इसलिए राजनेता अपनी राजनैतिक कमाई अपने वारिसों को ही सौंपना चाहते हैं। वे ये सुनिश्चित कर लेना चाहते हैं कि जिस तरह उन्होंने राजनीति में रह कर जनसेवा के नाम पर राजसी ठाट-बाट भोगे वैसे ही ठाट उनकी संतति के भी होने चाहिए। चाहे उसमें समाज को नेतृत्व देने का गुण हो या न हो। चाहे उसे इस देश की जमीनी हकीकत का पता हो या न हो। चाहे उसकी रूचि राजनीति में हो या न हो। बस इतना ही काफी है कि वह एक स्थापित राजनेता का पुत्र या पुत्री है। इस एक चीज के आगे सारे दुर्बलताएं छिप जाती हैं। मजे की बात ये हैं कि जो दल विचारधारा की दुहाई देकर वंशवाद के लिए नेहरू खानदान को गाली दिया करते थे वे ही आज वंशवाद के सबसे बड़े पोशक बने बैठे हैं। यह प्रवृत्ति घटने की बजाए बढ़ती जा रही है। यही हाल रहा तो अगले चुनावों में राजनैतिक दलों के मुख्यालयों पर से टिकटार्थियों की भीड़ गायब हो जाएगी। क्योंकि उन्हें  भी पता चल चुका होगा कि टिकट किसी राजकुमार या राजकुमारी के लिए पहले से ही आरक्षित हैं।

इस तरह हर संसदीय क्षेत्र पर राजनेताओं का वंशानुगत आधिपत्य हो जाएगा और तब ये संसदीय क्षेत्र  ठीक वैसे ही काम करेंगे जैसे भारतगण राज्य में विलय होने से पहले देश की सैकड़ों रियासतें चल रहीं थीं।  इस बढ़ती प्रवृत्ति को देखकर मतदाताओं के मन में ये प्रश्न आना स्वभाविक है कि श्रीमती इंदिरा गांधी ने महाराजाओं के प्रीवि पर्स क्यों समाप्ति किए ? उन बिचारों का क्या दोष था ? वे अपना राज खोने के बाद केवल पेंशन ही तो ले रहे थे। अगर इसी तरह राजनेताओं के साहिबज़ादों को राजनीति में स्थापित करने को ही लोकतंत्र कहते हैं तो फिर देशी रियासतों को ही फिर से जीवित क्यों न कर दिया जाए और उनके वर्तमान वंशजों को संसद के चुनाव में जीताकर राजाओं की संसद का गठन कर लिया जाए। तब कम से कम चुनाव का खर्चा और सैकड़ों राजनैतिक दलों की जहमत तो बच जाएगी। आम आदमी की चिंता न तो पहले के राजाओं को थी और ना ही आज के राजनेताओं को है।

इन परिस्थितियों में सबसे बड़ी भूमिका देश के नौजवानों की है। आज देश की आबादी का 40 फीसदी नौजवान हैं। जिनमें से अधिकांश बेरोजगार हैं। फिर क्या वजह हैं कि ये ऊर्जावान बेरोजगार युवा संगठित होकर अपना हक नहीं मांगते ? इन युवाओं में भी बहुसंख्यक देहात में रहते हैं। जो देहात में रहते हैं वे जानते हैं कि उनके परिवेश की आर्थिक हालत कैसी है और क्यों है ? आज रासायनिक खादों और कीटनाशक दवाओं ने किसान की कमर तोड़कर रख दी हैं। हरित क्रांति के दौर में उपज बढ़ाने के लालच में देश के किसानों ने इन्हें आंख मीच कर अपना लिया। अब हालत ये है कि हर साल इनकी खपत बढ़ती जाती हैं और जमीन की उर्वरकता कम होती जा रही हैं। ज्यादा खाद डालने का मतलब ज्यादा लागत। किसान विषम चक्र में फंस चुका है। इस चक्र से निकलने का एक ही रास्ता है कि अपनी खेती को जैविक खाद की तरफ मोड़ा जाए। गाय और बैल के गोबर की खाद सर्वोत्तम सिद्ध हो चुकी है। विडंबना यह है कि आम आदमी को रासायनिक खादों में उलझा कर इस देश का सत्ताधीश और धनी वर्ग खुद गाय की तरफ मुड़ चुका हैं। ऐसी खाद की उपज का गेंहू, दाल, चावल आदि रासायनिक खादों की तुलना में चैगुने दामों पर बिक रहा है। इसे मुनाफे का सौदा मान कर अनेक संपन्न मारवाड़ी परिवारों ने गाय के गोबर पर आधारित खेती को बहुत बड़े स्तर पर करना शुरू कर दिया हैै। कई-कई सौ एकड़ जमीन पर यह खेती की जा रही है और इसकी उपज महानगरों और विदेशों में बेची जा रही हैं। पर कोई नेता या उसका साहिबज़ादा ये बात देहात के नौजवानों को नहीं बताएगा। ना टीवी चैनल ऐसे कार्यक्रम दिखाएंगे। अगर गाय के गोबर की खाद का प्रचलन फिर से हो गया तो टीवी वालों को विज्ञापन देने गाय तो आएंगी नहीं। करोड़ों रूपए का विज्ञापन तो रासायनिक खादों के निर्माता ही दे सकते हैं क्योंकि वे किसानों को मूर्ख बना कर हजारों करोड़ रूपए सालाना कमा भी रहे हैं। वैज्ञानिक परीक्षणों से यह सिद्ध हो चुका है कि जैविक खाद की उपज खाने से और देशी गाय का दूध पीने से काया निरोगी होती है और बुद्धि तेज होती है। इस तरह अंग्रेजी दवाओं का बाजार समाप्त होता है। अब भला कौन सी दवा कंपनी ये विज्ञापन देगी कि गाय का दूध पीने से आदमी सेहतमंद होता है। यह सब जानकारी गांव के नौजवानों को ही आगे बढ़कर इकट्ठी करनी होगी। आज के युग में ज्ञान सबसे बड़ी शक्ति होता है। सही ज्ञान से देहात के नौजवान अपनी सेहत और अपनी आर्थिक स्थिति दोनों सुधार सकते हैं।

लोकतंत्र का जो स्वरूप आज हमारे सामने विकसित हो गया है उसमें कोई सच्चा ईमानदार और वास्तव में जनसेवी व्यक्ति तो चुनाव जीत ही नहीं सकता। चुनाव तो काले धन और डंडे के जोर पर ही जीते जाते हैं। चुनाव लड़ने और जीतने वालों का भी एक माफिया बन चुका है। कोई दल इसकी गिरफ्त के बाहर नहीं है। इसलिए एक भी सच्चा और ईमानदार आदमी इस चुनाव व्यवस्था में चुनाव नहीं जीत सकता। तो क्या करें ? लुटते रहे ? पिटते रहें ? बर्बाद होते रहें ? अपनी दुर्भाग्य को कोसते रहें या नक्सलवादियों की तरह शस्त्र उठा कर खूनी क्रांति की ओर बढ़ चलें ? नहीं, दूसरा रास्ता भी है। आर्थिक स्वावलंबन का रास्ता। देशी जीवन पद्धति का रास्ता। गांव के नौजवानों को इतना भर करना है कि अपनी दृष्टि साफ कर लेनी है। पारंपरिक और देशी जीवनपद्धती को अपना कर जहां तक संभव हो शहरी शक्तियों को अपने इलाके से उखाड़ फेंकना है। आजादी की लड़ाई में भी गांधी जी के आर्थिक आंदोलन ने अंग्रेज सरकार की कमर तोड़ दी थी। देश के देहाती नौजवान भी अगर अपने आर्थिक स्वावलंबन के लिए संगठित होकर ऐसा आंदोलन छेड़ दें तो सुख और संपन्नता उनके चरण चूमेंगे। इस आंदोलन के लिए अपना काम छोड़कर शहर की सड़कों पर नारे लगाने नहीं जाना पड़ेगा। पुलिस की लाठी भी नहीं खानी होगी। जेल भी नहीं भरनी होगी। केवल अपने घर और खेत पर नई सोच लागू करनी होगी। हमारे लोकतंत्र का चाहे कितना ही पतन क्यों न हो गया हो पर इतनी आजादी तो हर इंसान को है कि वो अपनी मर्जी का जीवन जी सके।

देश के क्रांतिकारियों और समाजसुधारकों को भी मीडिया का आकर्षण छोड़कर और विदेशी सेमिनारों का लालच छोड़कर पूरी तनमयता से इस काम में जुटना होगा और गांव में जाकर रहना होगा। यदि हम ऐसा कर पाते हैं तो न सिर्फ हम अपने देश की नीतियों को प्रभावित कर सकेंगे बल्कि राजनीतिज्ञों को भी जनता के प्रति जवाबदेह बनने के लिए मजबूर कर देंगे।

पर जरूरत इस बात की है कि जो देशी पद्धति हम अपनाएं, उसमें हमारी पूर्ण निष्ठा और उस पर हमारा पूर्ण विश्वास हो तभी कामयाब हो पाएंगे। अधकचरे ज्ञान और अधमने मन से किए गए बदलाव वांछित फल नहीं दे पाएंगे। लोकतंत्र के इस महापर्व पर जब हर राजनैतिक दल बेसिरपैर के मुद्दे उछालने में लगा है तब देश के हर गांव के नौजवानों को ऐसे गंभीर और बहुजन कल्याणकारी विचारों पर ध्यान देना चाहिए। अगर यह विचार गांव में अपना लिया जाता है तो फिर न सिर्फ गांव की अर्थ व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि देश की राजनैतिक सत्ता का भी विकेन्द्रीकरण होगा। फसल कटने के बाद का समय और चुनाव का ये दौर युवाओं के लिए नया सोचने का अवसर है। जो जाग गया वो सुख की नींद सोएगा और जो सो रहा है या चुनाव के हुड़दंग में बेगानी शादी का अब्दुल्ला बना जा रहा है वो जीवन भर रोएगा। चुनाव किसी गांव का नक्शा बदलने नहीं जा रहे हैं। ये काम तो देश के देहाती नौजवानों को ही करना होगा।

Friday, April 2, 2004

भारत-पाक में जनमत करा लो


जो भी पाकिस्तान से क्रिकेट मैच देखकर लौटा है, उसने एक बात जरूर बताई और वो ये कि पाकिस्तान की जनता ने भारतीयों को खुले दिल से प्यार किया। इतना सम्मान और प्यार मिला कि यहां से गए लोग ये सोचने लगे कि आखिर पचास बरस तक इतना तनाव कैसे रह पाया? पाकिस्तान के लोगों ने एक सुर से यह कहा कि ये तनाव दोनों मुल्कों के सियासतदानों की देन है। उन्होंने वाजपेयी जी के लिए संदेश भेजा कि जल्दी से जल्दी दोनों मुल्कों के बीच की दीवार खत्म करने की कोशिश करें। जाहिर है कि आम आदमी चाहे वो भारत का हो या पाकिस्तान का, आपस में घुलमिलकर रहना चाहता है। व्यापार करना चाहता है। सांस्कृतिक आदान-प्रदान करना चाहता है। रिश्ते कायम करना चाहता है। पर भ्रष्ट राजनेता और उनसे भी ज्यादा दोनों देश की रक्षा व्यवस्था से जुड़े लोग ये नहीं होने देना चाहते। 

पड़ोसी देश का खतरा बताकर रक्षा व्यवस्था के नाम पर अनाप-शनाप खर्च किया जाता है और उसमें जमकर कमीशन मिलता है, जो अरबों रुपये साल होता है। दोनों देश एक-दूसरे पर अपना खौफ बनाए रखने के लिए अपनी सालाना इनकम का एक बड़ा हिस्सा सेना और सैनिक साजो-सामान पर खर्च करते हैं। करोड़ों रुपये के हथियार विदेशों से मंगवाए जाते हैं। परमाणु बम जैसे घातक हथियारों को बनाने में लाखों करोड़ रुपये पानी की तरह बहा दिए जाते हैं। सीमा पर सैनिकों की तैनाती में भी बेहिसाब पैसा खर्च कर दिया जाता है। यदि दोनों देशों के बीच की खाइयां मिट जाएं, तो फिर यह पूरा पैसा बच सकता है और इसका उपयोग दोनों देश अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने में कर सकते हैं। इस सैन्य खर्चें को यदि देश के विकास में लगाया जाए तो काया पलट सकती है। फिर दोनों देशों को किसी दूसरे के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कर्जों के बोझ में दबी अर्थव्यवस्था फिर से नई सांसे ले सकेगी।
पिछले दिनों लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में जो कुछ हुआ, वह एक अद्भुत नजारे से कम नहीं था। हिन्दुस्तान के खिलाडि़यों ने जब-जब बढि़या प्रदर्शन किया उन्हें पाकिस्तान की जनता से भी वाहवाही मिली। यहां तक कि जब भारत की क्रिकेट टीम ने पाकिस्तानी टीम को हरा दिया, तब भी न तो गुस्से का प्रदर्शन किया गया और ना ही कोई हमला किया गया। ये अभूतपूर्व घटना थी। पाकिस्तान जाने से पहले अफसर भारत के खिलाडि़यों की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। सो इसके लिए सीरीज के सहमति पत्र पर भी यह लिखा गया कि जरा-सी भी गड़बड़ी होने पर दौरा रद्द कर दिया जाएगा। पर पाकिस्तान की आबोहवा देखकर भारतीय खिलाडि़यों की चिंता दूर हो गई। वहां मिले प्यार और स्नेह से वह गद्गद् हो गए। 

आलम यह था कि चैथा वनडे जीतने के बाद भारतीय टीम के कप्तान सौरभ गांगुली अपने कुछ दोस्तों के साथ बिना किसी सुरक्षा के पाकिस्तान के एक ढाबे पर खाना खाने के लिए पहंुच गए और उन्होंने सड़क किनारे बैठकर दोस्तों के साथ मस्ती की। रात के 2 बजे तक वे वहां रुके। जब उनसे पूछा गया कि क्या आपको डर नहीं लगा, तो गांगुली का कहना था कि जब लोग आपको इतना प्यार करते हों तो सुरक्षा घेरे के साथ निकलना पाकिस्तान के आम लोगों की भावनाओं को आहत करना होगा। कुछ समय पहले तक कहा जाता था कि भारत के खिलाफ आग उगलने वाला व्यक्ति ही पाकिस्तान की कमान संभाल सकता है। पर जनरल मुशर्रफ और प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के प्रयासों से यह मिथक भी अब टूटने लगा है। दोनों देशों के बीच दोस्ती की बयार फिर से बहने लगी है। दोनों देशों को इसका फायदा उठाना चाहिए। यह माना जाता है कि दोनों देशों की सरकारों के रवैये में आए इस बदलाव की वजह अमरीका का दबाव भी है। अपने व्यापारिक हितों को साधने के लिए अमरीका दक्षिण एशिया में शांति चाहता है। साथ ही वह दोनों देशों को इतना भी करीब नहीं आने देना चाहता कि भारत एक बड़ी ताकत बन जाए। रूस के विरुद्ध चीन की मदद करके अमरीका ने चीन की अर्थव्यवस्था को आज जहां पहंुचा दिया, वहां अब चीन खुद अमरीका के लिए एक चुनौती बन गया है। इस गलती को भारत के संदर्भ में अमरीका दोहराना नहीं चाहेगा। 

यूं तो यथा राजा तथा प्रजा वाली बात होती है, पर कभी-कभी लोकतंत्र में इसका उलट भी हो जाता है। प्रजा जब राजा के भ्रष्टाचार से आजिज आ जाती है तो सत्ता पलटने में उसे देर नहीं लगती। वोट उसके हाथ में एक ऐसा हथियार है जिससे वह हुक्मरानों को उनकी औकात बताती रहती है। भारत और पाकिस्तान के लोगों में कोई सामाजिक या सांस्कृतिक भेद नहीं है। बल्कि यूं कहा जाए कि बलूचिस्तान का इलाका छोड़कर शेष पाकिस्तान उत्तर भारत के प्रांतों का विस्तार ही है। ऐसे में दोनों देशों की जनता का यह चाहना कि दोनों मुल्कों के बीच की दीवार हट जाए, कोई असमान्य बात नहीं है। आखिर बर्लिन में ये हुआ ही है। फिर भारत और पाक के बीच की दीवार तो कोई पचास बरस पुरानी है। जबकि साझी विरासत पांच हजार वर्ष पुरानी है। इसलिए जनता के स्तर पर दोनों देशों में इसकी मांग उठनी चाहिए कि हम एक-दूसरे को दुश्मन नहीं, दोस्त समझते हैं। भाई समझते हैं या नातेदार समझते हैं। हम साथ रहना चाहते हैं। हम नफरत को मिटा देना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच की राजनैतिक दीवार खत्म कर दी जाए। फिर से भारत एक महासंघ बने। उत्तर प्रदेश के वर्तमान मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव अरसे से यह बात कहते आए हैं कि दक्षिण एशिया को अगर अपनी आर्थिक प्रगति करनी है तो उसे अमरीका की तरह एक संघीय गणराज्य बनना होगा। जिसमें पाकिस्तान, बांग्लादेश, नेपाल और भूटान जैसे देश जुड़ सकते हैं। दोनों देशों की जनता अपने देश में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर जब इस मांग का जोरदार समर्थन करेगी और इस भावना के विरुद्ध उठाए गए हर कदम का पुरजोर विरोध करेगी, चाहे वो कदम भारत की सरकार उठाए या पाकिस्तान की, तो पूरी दुनिया में जनमत एकीकरण के पक्ष में तैयार होगा। फिर अमरीका भी अपनी सियासी चाल नहीं चल पाएगा। दोनों देशों के निहित स्वार्थ जनता की इस लोकप्रिय मांग के सैलाब को रोक नहीं पाएंगे। हम सर्वधर्म समभाव की भावना के साथ आगे बढ़ें। मुसलमान हिन्दुओं के प्रति व्यापक दृष्टिकोण अपनाएं, उनकी धार्मिक आस्थाओं का सम्मान करें और हिन्दू मुसलमानों को दुश्मन न मानें, तो दक्षिण एशिया का यह मानवीय सागर आर्थिक विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है। 

क्रिकेट श्रृंखला ने इस संभावना के लिए आधार तैयार किया है। खेल खेल की भावना से खेला गया और दोनों मुल्कों के दर्शकों ने खेल की गुणवत्ता के आधार पर देखा। यह एक स्वस्थ लक्षण है। आशा की जानी चाहिए कि आने वाले दिनों में दोनों देशों की सरकारें खेल, व्यापार, शिक्षा व सांस्कृतिक आदान-प्रदान के मामले में और भी उदारता बरतेंगी। जब दिल से दिल मिलेंगे और खुलकर मिलेंगे तो ना तो शक का निशां रहेगा और ना ही एक-दूसरे का खौफ ही बचेगा। ये वक्त की मांग है। आजादी के समय पता नहीं इस मुल्क को किस शनिचर की नजर पड़ी कि बेवजह इतना खून-खराबा हुआ। लाखों परिवार तबाह हो गए, पर उस दुखद अतीत को एक भयावह सपने की तरह भूल जाने की जरूरत है। इस दिशा में वाजपेयी जी के प्रयास सराहनीय रहे हैं। उम्मीद की जाती है कि ये प्रयास आगे भी जारी रहेंगे और एक बार फिर दोनों मुल्कों की युवा पीढ़ी अपना परचम लहराकर कहेगी, सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्तां हमारा, हम बुलबुले हैं इसके यह गुलिस्तां हमारा।