पर झूठे आरोप लगाना और शालीनता की सीमाओं को तोड़ कर देश की एक प्रतिष्ठित महिला पर पुरुष समाज द्वारा इस तरह का हमला करना हमारी सनातन संस्कृति के विरुद्ध है। वह भी उस महिला पर जिसने विदेश से आकर भारत की संस्कृति को अपनाया और अपने जीवन काल में परिवार के तीन प्रमुख लोगों की हत्या और असमय मृत्यु का आघात झेला। उल्लेखनीय है कि 1998 में कांग्रेस की डूबती नैया को बचाने के लिए जब उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया तो विपक्ष के कुछ नेता बौखला गए। तब सुश्री सुषमा स्वराज और कुछ दूसरे बड़े नेताओं ने श्रीमती सोनिया गांधी के विदेशी मूल पर करारा प्रहार किया। उन दिनों जब भी लोग यह सवाल पूछते थे कि अगर श्रीमती सोनिया गांधी देश की प्रधानमंत्री बनती हैं, तो आपको कैसा लगेगा? मेरा उत्तर यही होता कि वे कभी नहीं बनेंगी। जो बात मैंने अपनी अंतःप्रेरणा के आधार पर कही थी, वो उस दिन सच हो गई जब श्रीमती गांधी ने वाकई प्रधानमंत्री पद को अस्वीकार कर डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनवा दिया।
सोनिया गांधी के आलोचकों ने कुछ ऐसे विषय भी उठाए हैं जिनका उल्लेख सोनिया गांधी की इस पुस्तक में नहीं है। इसके कई कारण हो सकते हैं। उन मुद्दों पर लिखना सोनिया गांधी को असहज लगा हो या उनपर लिख कर वे अनावश्यक विवाद पैदा न करना चाहती हों। इतनी छूट तो हर लेखक को होती है कि वो जिन विषयों पर लिखना चाहे उन पर लिखे और जिन पर न लिखना चाहे उन पर न लिखे। यह टीकाकारों पर है कि वे उन विषयों पर कैसी टिप्पणी करते हैं? जहाँ तक इस पुस्तक पर लिखे गए विषयों और संबंध है तो यह बात हर पाठक मान रहा है कि सोनिया गांधी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 60 वर्षों का लेखा-जोखा बहुत खुल कर किया है। अपने पति, सास और बच्चों के साथ बिताए गए क्षणों का उल्लेख कई बार पाठक को भावुक कर देता है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि बिना असंवैधानिक भाषा का प्रयोग किए और बिना आक्रामक हुए सोनिया गांधी ने उन तमाम आरोपों को ध्वस्त कर दिया है जो गत 28 वर्षों में उन लगाए जा रहे थे।
आज के दौर में जब पत्रकारों, साहित्यकारों और स्तंभकारों से अपेक्षा की जाती है कि वे एक नेता या एक दल के प्रवक्ता बन कर लिखें और सोचें तो किसी भी विषय पर निष्पक्ष मूल्यांकन करने वाले को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है। पर मैंने अपने पत्रकारिता के जीवन में हर संभव ये प्रयास किया है कि जो भी लिखा या बोला जाए वो तथ्यों पर आधारित हो और उसमें पत्रकारिता के मूल्यों के साथ समझौता न हो। ये बताना इसलिए ज़रूरी है कि इस लेख के उपरोक्त भाग को पढ़कर कुछ लोग ये कह सकते हैं कि मैं सोनिया गांधी का यशगान कर रहा हूँ या मैं कांग्रेस पार्टी का समर्थक हूँ। पर यह आरोप निराधार सिद्ध होंगे क्योंकि 1993 जैन डायरी हवाला कांड को उजागर कर और सर्वोच्च न्यायालय में एक लंबी लड़ाई लड़ कर यह सिद्ध कर चुका हूँ कि मेरा झुकाव किसी भी राजनैतिक दल की ओर नहीं है। हवाला कांड में सबसे ज़्यादा चोट तो कांग्रेस पार्टी को ही लगी थी। पर सोनिया गांधी की पुस्तक के विषय में लिखते समय हमें पुस्तक की विषय वस्तु पर ही अपना ध्यान केंद्रित करना चाहिए। जब हम निष्पक्ष हो कर ऐसा करते हैं तभी हम इस पुस्तक का सही मूल्यांकन कर पाते हैं। जो भारतीय राजनीति के इतिहास में एक मील का पत्थर बनकर सामने आई है। इसीलिए समर्थकों और आलोचकों दोनों की रुचि इस पुस्तक को पढ़ने में है।



No comments:
Post a Comment