Monday, March 8, 2021

गाय के गोबर से पर्यावरण का संरक्षण


बीते शुक्रवार को वैश्विक ऊर्जा और पर्यावरण के क्षेत्र में भारत की ओर से किए गए प्रयासों के मद्देनज़र प्रधान मंत्री नरेंद्र  मोदी को ‘कैम्ब्रिज एनर्जी रिसर्च एसोसिएट्स वीक (सेरावीक) वैश्विक ऊर्जा एवं पर्यावरण नेतृत्व’ पुरस्कार प्रदान किया गया। मोदी जी को यह सम्मान ऊर्जा और पर्यावरण में स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धता के लिए दिया गया। गौरतलब है कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मानों से नवाज़ा जा चुका है। यह देश के लिए गर्व की बात है।

देश के प्राकृतिक ऊर्जा और पर्यावरण का ध्यान रखना देशवासियों की ज़िम्मेदारी है। इस महीने होली का त्योहार आने वाला है। होली से एक रात पूर्व होलिका दहन की प्रथा है। इस वर्ष हमें होलिका दहन में वृक्ष बचाने की पहल करनी चाहिए। जो लोग सनातन धर्म के मानने वाले है, उन्हें यह भली भाँति पता होगा कि सनातन धर्म में हर जीवात्मा का सम्मान होता है। हम वृक्षों की पूजा करते हैं। भूमंडल के बढ़ते तापक्रम के ख़तरों से हम अनजान नहीं हैं। हिमखंडों का अचानक गिरना, बेमौसम तूफ़ानी बरसात, समुद्र स्तर बढ़ना तीव्र ठंड या गर्मी  होना इसके कुछ दुष्परिणाम हैं। पेड़ बचाकर इसका कुछ समाधान हो सकता है । 


क्यों न हम संकल्प लें कि इस बार से होलिका दहन हम गोबर से बने उपलों/कंडों से ही करेंगे। लकड़ी का प्रयोग बिल्कुल नहीं करेंगे। सूखी लकड़ी का भी नहीं। तभी ये चेतना विकसित होगी। अब तो गोबर काष्ठ भी मिलने लगी है। जो गोबर को एक मशीन में दबाव डालकर लकड़ी के रूप में तैयार की जाती है। वैसे ये तो हम सब जानते हैं कि गाय के गोबर के कंडों से धुआं करने से कीटाणु, मच्छर आदि भाग जाते हैं। 

सनातन धर्म में यज्ञ रूपी आराधना करने का भी प्रचलन है। ऐसे में गाय के गोबर के कंडों के प्रयोग से न सिर्फ़ वातावरण की शुद्धि होती है बल्कि सात्विकता का अहसास भी होता है। इसलिए यज्ञ के उपरांत हवन कुंड को पूरे घर में घुमाया भी जाता है। जिससे कि हवन के धुएँ का असर पूरे घर में फैलाया जा सके।    

सिर्फ़ होलिका दहन ही क्यों हम शवों का दाह संस्कार भी इन्हीं कंडों या गोबर काष्ठ से क्यों न करें? हमारे ब्रज के गावों में तो पहले से ही ये प्रथा है। हर शव कंडों पर ही जलाया जाता है। इससे गोधन का भी महत्व बढ़ेगा और पर्यावरण भी बचेगा।

गाय के गोबर से न सिर्फ़ कंडे बनते हैं बल्कि आजकल गैस और बिजली संकट के दौर में गांवों में गोबर गैस के प्लांट भी लगाए जा रहे हैं। कोयला, एलपीजी, पेट्रोल व डीजल, जहां मेंहगे और प्रदूषणकारी स्रोत हैं, वहीं गाय के गोबर से बनी ‘बायो गैस’ कभी न समाप्त होने वाला स्रोत है। क्योंकि जब तक गौवंश रहेगा, तब तक हमें यह ऊर्जा मिलती रहेगी। 

आँकड़ों की माने तो सिर्फ एक गाय के गोबर से प्रतिवर्ष 45000 लीटर बायो गैस मिलती है। बायो गैस के उपयोग करने से 6 करोड़ 80 लाख टन लकड़ी बच सकती है, जो आज जलाई जाती है। जिससे 14 करोड़ वृक्ष कटने से बचेंगे ओर देश के पर्यावरण का संरक्षण होगा। इससे करीब 3 करोड़ टन उत्सर्जित कार्बन डाई ऑक्साइड को भी रोका जा सकता है। 

इतना ही नहीं गोबर गैस संयंत्र में गैस प्राप्ति के बाद बचे पदार्थों का उपयोग खेती के लिए जैविक खाद बनाने में किया जाता सकता है। सभी जानते हैं गोबर की खाद खेती के लिए अमृत का काम करती है। गोबर की खाद सर्वोत्तम खाद है। जबकि फर्टिलाइजर से पैदा अनाज हमारी प्रतिरोधक क्षमता को लगातार कम करता जा रहा है। कृषि में रासायनिक खाद्य और कीटनाशक पदार्थ की जगह गाय का गोबर इस्तेमाल करने से जहां भूमि की उर्वरता बनी रहती है, वहीं उत्पादन भी अधिक होता है। दूसरी ओर पैदा की जा रही सब्जी, फल या अनाज की फसल की गुणवत्ता भी बनी रहती है।

वैज्ञानिकों की माने तो गाय के गोबर में विटामिन बी-12 अच्छी मात्रा में पाया जाता है। यह रेडियोधर्मिता को भी सोख लेता है। आज मोबाइल फ़ोन से निकलने वाली रेडियेशन से भी बचा जा सकता है। हमारे दिल्ली दफ़्तर और वृंदावन के घर की दीवारों पर गाय के गोबर और मिट्टी का लेप कई वर्षों से हुआ है। इन दीवारों पर बीते कई वर्षों में न तो कोई मकड़ी का जाल दिखा है और न ही कभी छिपकली दिखी है। घर और दफ़्तर की गोबर मिट्टी लिपि दीवारों के बीच रह कर एक सात्विक अहसास महसूस किया जाता है। इन दीवारों का रख रखाव भी बहुत आसान होता है। 

इटली के प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. जी. ई. बीगेड ने गोबर के अनेक प्रयोगों द्वारा सिद्ध किया है कि गाय के ताजे गोबर से टी बी तथा मलेरिया के कीटाणु मर जाते हैं। आणविक विकरण से मुक्ति पाने के लिये जापान के लोगों ने गोबर को अपनाया है। गोबर हमारी त्वचा के दाद, खाज, एक्जिमा और घाव आदि के लिये लाभदायक होता है। 

ऐसी तमाम जानकारियों का संचय कर उसके व्यापक प्रचार प्रसार में जुटे वैज्ञानिक श्री सत्यनारायण दास बताते हैं कि विदेशी इतिहासकारों और माक्र्सवादी चिंतकों ने वैदिक शास्त्रों में प्रयुक्त संस्कृत का सतही अर्थ निकाल कर बहुत भ्रांति फैलाई है। इन इतिहासकारों ने यह बताने की कोशिश की है कि वैदिक काल में आर्य गोमांस का भक्षण करते थे। यह वाहियात बात है। ‘गौधन’ जैसे शब्द का अर्थ अनर्थ कर दिया गया। श्री दास के अनुसार वैदिक संस्कृत में एक ही शब्द के कई अर्थ प्रयुक्त होते हैं जिन्हें उनके सांस्कृतिक परिवेश में समझना होता है। इन विदेशी इतिहासकारों ने वैदिंक संस्कृत की समझ न होने के कारण ऐसी भूल की। आईआईटी से बी.टेक. और अमरीका से एम.टेक. करने वाले बाबा श्री दास गोसेवा को सबसे बड़ा धर्म मानते हैं। 

उधर गुजरात में धर्म बंधु स्वामी 80 हजार गायों की व्यवस्था में जुटे रहते हैं। बरसाना में विरक्त संत श्री रमेश बाबा की छत्रछाया में 55,000 गोवंश पल रहा है। 

ऐसे तमाम संत, समाजसेवी और भारत के करोड़ों आम लोग गोमाता की तन, मन और धन से सेवा करते हैं। अब समय आ गया है कि जब भारत सरकार और प्रांतीय सरकारें गौवंश की हत्या पर कड़ा प्रतिबंध लगायें और इनके संवर्धन के लिये उत्साह से ठोस प्रयास करें। शहरी जनता को भी अपनी बुद्धि शुद्ध करनी चाहिये। गौवंश की सेवा हमारी परंपरा तो है ही आज के प्रदूषित वातावरण में स्वस्थ रहने के लिये हमारी आवश्यकता भी है। हम जितना गोमाता के निकट रहेंगे उतने ही स्वस्थ और प्रसन्न रहेंगे। इसलिए आगामी होलिका दहन में हमें अधिक से अधिक गोबर के कंडों या गोबर काष्ठ का प्रयोग करना चाहिए और देश के पर्यावरण को संरक्षित रखने में अपना योगदान देना चाहिए।


हमारे वृंदावन आवास के भोजन कक्ष की गोबर से लिपी दीवार पर बालकृष्ण के वन भोज का चित्र


No comments:

Post a Comment