Friday, October 13, 2000

आर.एस.एस. के लिए एजेन्डा


देश भर के सत्तर हजार स्वयं सेवकों को आगरा बुलाया गया है। उद्देश्य है उनके हौसले बनाये रखने का। वैसे तो संघ को दिशा निर्देश देने का काम इसके सर संघ चालक का है। वे ऐसा करेंगे भी। पर पत्रकार या साहित्यकार समाज का दर्पण होते हैं। जो बात किसी संगठन के भीतर रह कर महसूस नहीं की जा सकती वह बाहर से देखने वाला महसूस भी कर सकता है और उसका समाधान भी बता सकता है।

अभी दशहरे पर संघ के सर संघ चालक श्री सुदर्शन जी ने अपने वार्षिक अधिवेशन में नागपुर में देश के मुसलमानों और ईसाईयों का आह्वान किया कि वे अपना भारतीयकरण कर लें। इसकी जरूरत इसलिए पड़ी कि पिछले दिनों सत्तारूढ़ दल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंगारू लक्ष्मण ने मुसलमानों का खुले हृदय से भाजपा में स्वागत किया। उनका यह कदम संघ की घोषित नीतियों से मेल नहीं खाता। निश्चय ही इससे संघ के कार्यकर्ताओं में हताशा फैली। सुदर्शन जी ने इस बिगड़ी स्थिति को संभालने के लिए ऐसा कहा होगा।

सोचने वाली बात यह है कि जब संघ लगातार यह कहता आया है की यह राजनैतिक संगठन न होकर व्यक्ति और राष्ट्र के निर्माण के लिए समर्पित एक संगठन है तो इसके स्वयं सेवकों में एक राजनैतिक दल भाजपा के पतन को देखकर इतनी हताशा क्यों है ? भाजपा की छवि बनें या बिगड़े, संघ की सेहत पर क्यों असर पड़ना चाहिए ? दरअसल इस दर्द के पीछे एक महत्वपूर्ण बात छिपी है। आज से 75 वर्ष पहले जब डाॅ. हेडगेवार जी ने संघ की स्थापना की थी तो व्यक्ति निर्माण को इसका मुख्य उद्देश्य बताया था। किसी प्रयोगशाला से बन कर निकली एक वस्तु की गुणवत्ता का पता तो तभी चलता है जब वह वस्तु सामान्य जन द्वारा उपयोग में लाई जाती है। मसलन एक छाता निर्माण करने वाली प्रयोगशाला अगर यह दावा करे कि उसके बनाए छाते को भेद कर पानी नीचे नहीं टपकेगा, लेकिन जब वह छाता बारिश में लेकर निकला जाए तो उसका कपड़ा बरसात की मार न झेल सके, तो यह माना जाएगा कि प्रयोगशाला में ही कोई कमी रह गयी। संघ के कार्यकर्ताओं के मन में आज यही सवाल घुमड़ रहा है। उनको यह विश्वास था कि संघ रूपी प्रयोगशाला से निकले स्वयं सेवक जब राजनेता बनेंगे तो कांगे्रस या जनतादल की तरह अपनी दुर्गति न करवाकर सार्वजनिक जीवन के उच्च मानदण्डों की स्थापना करेंगे। पर हुआ उसके विपरीत। अब संघ के कार्यकर्ताओं के मन में संघरूपी प्रयोगशाला की विश्वसनीयता को लेकर संदेह पैदा हो गया है। संघ का नेतृत्व चाहे जो सफाई दे स्वयं सेवक यह मानने को तैयार नहीं हैं कि भाजपा के नेता इससे बेहतर आचरण नहीं कर सकते। जब वे जानते हैं कि इसी व्यवस्था में केन्द्रीय मंत्री बनीं सुश्री ममता बनर्जी बिना बंगले, सरकारी गाड़ी और अमले और बिना किसी ठाटबाट के एक साधारण व्यक्ति का-सा जीवन जी कर भी राजनीति और प्रशासन में सफल हैं तो भाजपा के नेताओं को कांगे्रसियों की तरह सत्ता सुख भोगने की बीमारी कैसे लग गई ? इस सवाल को गोपनीय गोष्ठियों में नहीं बल्कि आगरा के खुले मंच पर सोचा जाना चाहिए। इस खुली बहस से लाभ ही होगा हानि नहीं।

कभी-कभी समय की धारा के साथ भी चलना पड़ता है। भूखे को आप राष्ट्र धर्म की शिक्षा नहीं दे सकते। आज संघ की शाखाओं में पहले जैसा उत्साह नहीं रहा। जबकि अपनी सरकार के रहते यह उत्साह बढ़ना चाहिए था। दरअसल लोगों की समस्याएं कुछ और हैं और संघ की प्राथमिकताएं कुछ और। आवश्यकता इस बात की है कि संघ अपने आदर्शों पर चलते हुए भी समाज की वर्तमान समस्याओं से जुड़ सकता है। आज भारत के शहरों में रहने वाले हर वर्ग के लोगों की मूल समस्या है सरकारी तंत्र का पूरी तरह भ्रष्ट, नाकारा, आलसी और रूखा हो जाना । संघ के कार्यकर्ता बिना रागद्वेष के और बिना स्वार्थ के यदि शहरी लोगों को एकजुट कर प्रशासन से निपटने में मदद करें तो उन्हें हर तरह से लाभ ही होगा। एक तो उनकी समाज में प्रतिष्ठा व लोकप्रियेता बढ़ेगी, दूसरा भाजपा के मंत्रियों की कमी को इस तरह दूर करके वे अपरोक्ष रूप से समर्थित भाजपा सरकार की गिरती साख को बचाने में सफल हो पाएंगे। यह कोई मुश्किल काम नहीं। भ्रष्ट प्रशासनिक व्यवस्था से जूझने में जुटे कुछ मशहूर और अनुभवी लोगों की सलाह से इस कार्यक्रम को प्रभावी रूप से चलाया जा सकता है।

ईसाई और मुसलमान धर्म के बढ़ते प्रभाव से हिन्दू समाज के मन में चिन्ता होना स्वाभाविक है क्योंकि इन धर्मों का प्रसार आध्यात्मिक आधार पर न होकर भौतिक लाभ देकर किया जा रहा है। पर दूसरे की लकीर को छोटा करने की कोशिश करना बेकार है। उसके मुकाबले अगर अपनी लकीर और बड़ी खींच दी जाए तो काम बन जायेगा। देश के करोड़ों पिछड़े और गरीब लोगों के बीच कितने हिन्दू हैं जो ईसाईयों की सी भावना से काम करने सामने आ रहे हैं। संघ इस दिशा में कोई उल्लेखनीय सफलता  हासिल क्यों नहीं कर पाया है ? अगर इस दिशा में जी-जान से जुट कर काम किया जाए और सभी धार्मिक लोगों, संतो, संगठनों, सम्प्रदायों व आंदोलनों की मदद ली जाऐ तो यह सम्भव है। पर इसके लिए संघ के कार्यकर्ताओं में प्रबल इच्छा शक्ति की आवश्यकता होगी।

संघ यह तो कहता है कि गर्व से कहो हम हिन्दू हैंपर क्या संघ ने आज तक हिन्दू धर्म के तीर्थस्थलों की अव्यवस्था को दूर करने का कोई प्रयास किया है ? क्या यह सच नहीं है कि किसी साधारण से भी चर्च, मस्जिद या गुरूद्वारे की तुलना में हिन्दुओं के तीर्थस्थान यात्रियों को बुरी तरह निराश करते हैं। देश विदेश के हिन्दू इन तीर्थस्थानों पर बड़ी श्रद्धा, आस्था और भावना लेकर आते हैं इस उम्मीद में कि वहाँ उन्हें मन की शांति और सच्चा आनन्द मिलेगा पर क्या यह सब उन्हें मिल पाता है ? यदि हम चाहते हैं कि लोग वाकई हिन्दू होने पर गर्व महसूस करे तो सबसे पहले तो हमें अपने तीर्थस्थानों का जीर्णोद्धार करना होगा। उन्हें आकर्षक और आदर्श रूप में विकसित करना होगा। संघ के महाशिविर स्थल आगरा से भगवान श्रीकृष्ण का क्रीड़ा स्थल ब्रज प्रदेश बहुत दूर नहीं है। महाशिविर में आए अनेक स्वयं सेवक लगे हाथों इस तीर्थ के दर्शन का लाभ प्राप्त करने अवश्य जाएंगे। उन्हें यह सोचना चाहिए कि जिस वृन्दावन ने संघ समर्थित जनसंघ की देश में पहली नगर पालिका की स्थापना पचास के दशक में ही की थी उसकी आज इतनी दुर्दशा क्यों है। जबकि आज भी वहां भाजपा की ही नगर पालिका है, मथुरा जिले में भाजपा के 4 मंत्री है, प्रांत और केन्द्र में भाजपा की सरकार है। राम जन्मभूमि या कृष्ण जन्मभूमि पर मन्दिर का निर्माण तो जब होगा तब होगा पर जन्म स्थान के इर्द-गिर्द की नारकीय अवस्था को ठीक करने के लिए हम किस सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का इन्तजार कर रहे हैं।

इसी तरह स्वदेशी और स्वालम्बन की देशी संस्कृति व उपभोक्तावाद की विदेशी संस्कृति को लेकर भी संघ के स्वयं सेवकों के मन में संघर्ष चला रहता है। देखने वाली बात यह है कि संघ से जुड़े परिवारों मे घरों का वातावरण कैसा है ? कहीं ऐसा तो नहीं कि हम दूसरों को तो उपदेश देते हों और हमारे घर की साज-सज्जा, खान-पान, संस्कार, पहनावा व मनोरंजन का तरीका खालिस भौंड़ी पश्चिमी संस्कृति से प्रभावित हो। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आज के आधुनिक संसार में भी अमरीका जैसे विकसित देश में भी भारतीय संस्कृति पर आधारित जीवन जीने वाले लाखों परिवार हैं जिनमें सिर्फ भारतीय ही नहीं विदेशी भी शामिल हैं। इसलिए कोई बहाना स्वीकार्य नहीं। आज बंगलौर विश्व की सूचना प्रौद्योगिकी की राजधानी इसलिए बना है कि वहां के समाज ने सदियों सात्विक शाकाहारी और आध्यात्मिक जीवन जिया है। जिससे उनकी बुद्धि प्रखर बनी। पर हमें सोचना है कि हम आज कैसा जीवन जी रहे हैं ?

आशा है संघ के महाशिविर में इन मूल प्रश्नों पर खुला चिन्तन होगा। दरअसल इस महाशिविर की जरूरत इसलिए पड़ी कि पिछले कुछ वर्षों में राज्यों में केन्द्र की भाजपा सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। संघ के स्वयं सेवकों ने पिछले पचास वर्षों में जो आदर्श और सपने लोगों को दिखाये थे उन्हें ये सरकारें पूरा नहीं कर सकीं। संघ के समर्पित कार्यकर्ताओं को इससे बहुत धक्का लगा। यह तो वे भी जानते थे कि सत्ता भ्रष्ट बनाती है और निरंकुश सत्ता पूरी तरह भ्रष्ट बनाती है।पर यह सब इतनी जल्दी हो जायेगा ऐसा उन्होंने सपने में भी न सोचा था। जिन्हें वे आजतक फरिश्ता बताकर लोगों के बीच प्रचारित करते आए थे वे तो कच्ची माटी के भांड निकले। अब संघ के कार्यकर्ताओं के सामने विश्वसनीयता का सवाल खड़ा हो गया है। उनका समर्पण और उनके आदर्श कोई एक चुनाव जीत कर तो निपटाए नहीं जा सकते। वे तो पिछले 75 वर्षों से एक अखंड हिन्दू राष्ट्र की स्थापना के लिए जुटे हैं। पर जब उनके ही रोपे हुए पौधे बजाय फल देने के कांटे दे रहे हों तो वे भविष्य में किस मुंह से जनता के पास जाएंगे, यही चिंता उन्हें खाए जा रही है। संघ के नेेतृत्व को इसका एहसास हुआ तो उसने यह महाशिविर बुला डाला। यह महाशिविर एक किस्म का शक्ति प्रदर्शन भी है और अपनी मान्यताओं में पुनः आस्था प्रकट करने का एक अवसर भी। ऐसे महाशिविरों में आकर संघ के उन स्वयं सेवकों को निश्चय ही बल मिलेगा जिनका विश्वास पिछले वर्षों में डगमगा गया है।

No comments:

Post a Comment